आज लगभग एक महीना हो गया पढ़ुआ काका के महाप्रयाण को। मुंबई से बीमारी में ही लौटे थे और फिर उबर नहीं पाये। आज उनकी पहली छाया (मासिक यादें) है।
पढ़ुआ काका, हम लोगों के लिए एक रोल मॉडल से लगते थे। बचपन की यादें तो ज्यादा नहीं है, लेकिन जब से जाना कि ये हमारे पढ़ुआ काका है, तबसे अच्छे ही लगते थे। हमें चाहिए ही क्या था उस समय: किस्सा, कहानी, और क्या। उनका मुस्कुराना, दुलराना, घुमाना इत्यादि यादें, जाने का नाम नहीं लेती है।
पढ़ुआ काका कौन थे? ये काका पढ़ुआ क्यों कहलाते थे? पढ़ुआ काका मेरे दादा के छोटे भाई के एकलौते पुत्र थे। इनकी एक बहन भी है। मेरे दादा की मृत्यु कम उम्र में ही हो गई थी। पढ़ुआ काका के पिता जो दिव्यांग (इनके पैरों में दिक्कत थी) थे, संपूर्ण परिवार की जिम्मेदारी स्वयं ले ली थी, अपने तकलीफों को धता बताते हुए भी। ये दादा ज्यादा पढ़े-लिखे भी नहीं थे, धार्मिक थे, वैष्णव थे, राम भक्त थे और पूजा पाठ में ज्यादा समय देते थे। पड़ोस के जिले के एक ठाकुर बाड़ी में रहकर ही समय व्यतीत करते थे। पूजा पाठ की जिम्मेदारी उनकी ही थी। ठाकुर बाड़ी के पास अपनी कुछ जमीन भी थी, जिसकी उपज बाबा को ही मिलती थी। यह उपज बाबा गांव भी भेजते थे, जिससे परिवार का जीवन यापन होता था। बाबा मेरे मझले चाचा और पढ़ुआ काका को अपने पास रखकर शिक्षा दीक्षा का प्रयास कर रहे थे। बाबा की ठाकुर बाड़ी वाले गांव में अच्छी खासी प्रतिष्ठा थी।
मैं भूल ही गया कि पढ़ुआ काका के विषय में बात हो रही थी। मेरे पिताजी अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और पढ़ुआ काका सबसे छोटे। ग्रामीण परंपरा में भाभी अपने देवर को नाम लेकर नहीं बुलाती थी। तो मेरी मां अपने सबसे छोटे देवर को एक प्यारा सा नाम दिया- पढ़ुआ बाबू। और उसके बाद ये पढ़ुआ बाबू हम सब भतीजों का पढ़ुआ काका बन गये। देखने में सुदर्शन थे, रंग था गेंहुआ गोरा, कद लगभग पांच फीट आठ इंच। पढ़ने में ठीक ठाक थे, पर मैट्रिक से आगे नहीं पढ़ सकें। कारण अज्ञात सा है, कुछ लोग कहते थे कि उन्हें पढ़ने में मन नहीं लगता था । पर वो कहते थे कि बाबा उन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिये शायद इसीलिए आगे नहीं पढ़ पाए।
पर बात जो भी रही हो, हमें तो वे अच्छे खासे पढ़े लिखे लगते थे। उनकी लिखावट अच्छी थी। सिनेमा बहुत देखते थे। फक्करता उनमें कूट-कूट कर भरी हुई थी। कभी किसी चीज की चिंता नहीं। कहां कहां घूमते रहते थे पता नहीं। बहुत बहुत दिन पर गांव आते थे। घर के बड़े ताना भी देते रहते थे कि स्थिर नहीं रहता, कहीं टिकता नहीं, कमाता नहीं, झूठ बोलता है.. और ऐसे ही कितनी बातें। हर बात को मुस्कुराकर टाल देना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। मुझे तो बहुत अच्छे लगते थे। बचपन की एक बात याद है जब मैं पांचवीं या छठी कक्षा में था और नेशनल मेरिट स्कॉलरशिप की परीक्षा सहरसा में थी जो पांच दिन होनी थी। उस समय पढ़ुआ काका ही थे जो मेरे संग सहरसा में रहकर परीक्षा दिलवाये थे। शायद इस काम के लिए पढ़ुआ काका को इसलिए चुना गया था कि उन्हें दुनिया दारी की अच्छी जानकारी थी।
बार बार भूल जाता हूं, पढ़ुआ काका अच्छा गाते भी थे, अभिनय भी अच्छा करते थे। गांव के रंगमंच पर कयी बार उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता दिखाई थी।
मैं पढ़ुआ काका को बार बार कहता था कि आपके पैर में चक्र लगा हुआ है जो कभी आपको स्थिर नहीं रहने देता है। शायद यह सच भी था। उनके इसी तरह भटकते रहने के कारण उनकी शादी भी करबा दी गई ताकि वे अपनी जिम्मेदारी समझे और स्थिर होकर अपनी गृहस्थी संभाले। वे भी प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनको टिककर रहना नहीं था और वे नहीं रहे। घूमते रहे, देश का कोई कोना शायद नहीं छूटा उनसे। आते, कुछ दिन रहते और फिर किसी नयी मंजिल की ओर। दैव कृपा से विवाह के बहुत दिनों के बाद वे एक पुत्री के पिता बने। पैर में पुत्री की प्यार की बेड़ी पड़ी, पैर के चक्र की गति धीमी होने लगी, जीवन स्थिर होने लगा था। अब वे अपने अलावा अपने परिवार के विषय में भी सोचने लगे थे और यह स्वाभाविक भी था।
एकबार तो कुछ मित्रों एवं संबंधियों के साथ मिलकर धनबाद में एक स्कूल का भी संचालन किये थे। पर वो भी बंद हो गया। परिवार की जिम्मेदारी थी ही, जरूरत भी बढ़नी थी और उसके लिए स्थिर होकर काम भी करना था। एक जगह टिकना उनके लिए मुश्किल ही रहा था। बार बार जगह बदलते रहने से आमदनी लगभग स्थिर ही बनी रही थी जो जीवन यापन के लिए संघर्ष जैसा ही था। समय को तो चलना था, बेटी बड़ी हो रही थी लेकिन जीवन के इस संघर्ष में पत्नी कमजोर हो रही थी। काकी (मौसी) एक धार्मिक, स्वाभिमानी एवं निष्ठावान महिला थी। जीवन के झंझावातों ने उन्हें अंदर से कमजोर कर रखा था और कुछ समय बाद इस संसार से विदा ले ली। पढ़ुआ काका उदास रहने लगे। बिन माता के बच्चे का पालन करना एक विकट समस्या थी। बाद में इन समस्या को देखते हुए उन्होंने पुनः शादी की। जीवन चलता रहा, उनका संघर्ष चलता रहा, राह कठिन थी, फिर भी हिम्मत नहीं हारी, परिवार की गाड़ी खींचते रहे, जीवन चलने का नाम। दो बेटे हैं, लेकिन अभी बालिग हो ही रहें हैं।
संघर्ष के विषय में कहने लायक कुछ भी नहीं है, या फिर बहुत कुछ है। बयान नहीं किया जा सकता है। और संघर्ष करते करते इस संसार से विदा हो गये ५ अगस्त को। हरिद्वार में गंगा किनारे उनका श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ। विरले का ऐसा सौभाग्य होता है। जीवन भर के संघर्ष के दौरान लोगों ने उतना भाग्यशाली तो नहीं समझा, लेकिन महाप्रयाण सौभाग्यपूर्ण रहा। कवि ने ठीक ही कहा है: "सौभाग्य न सब दिन सोता है"।
पढ़ुआ काका क्लासिकल फक्कड़ थे। न काहू से दोस्ती न काहू से बैर। सब को अपना ही समझते थे। केवल वर्तमान में जीते थे, भविष्य की न कोई चिंता थी और न ही मोह। मस्तमौला रहे जीवनभर। एक झोला एवं कुछ फोन नंबर के सहारे पूरी दुनिया घूम सकते थे। उनके पूरे जीवन को देखकर ऐसा लगता था कि वे गृहस्थ जीवन के लिए नहीं बने थे। एक छोटी सी घटना याद आती है; पढ़ुआ काका के माता का निधन हुआ था एवं घर में सब विचार कर रहू थे कि श्राद्ध कैसे हो? पढ़ुआ काका कर्ता थे, उन्होंने निस्पृह भाव से कहा कि जो करना है आप लोगों को करना है। इनका ही क्यों, जब मेरा भी श्राद्ध होगा वह भी आप लोग ही करेंगे। फक्कड़ता का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। वे बहुत बड़े बन सकते थे, वे कुछ अनुपम हो सकते थे, एक अच्छे स्टोरी टेलर हो सकते थे; यह बात न तो वो खुद समझ पाये और न उनके आसपास रहने वाले।
विनम्र श्रद्धांजलि पढ़ुआ काका। आप हर समय यादों में रहेंगे।
No comments:
Post a Comment